इकबालपुर शुगर मिल ने किसानों को दिए साढ़े चार करोड़, आत्मदाह कार्यक्रम स्थगित
रुड़की।सोनी रोड़ गन्ना बकाया भुगतान को लेकर चल रहा उत्तराखंड किसान मोर्चा का धरना आखिरकार रंग लाने लगा है। 34 दिनों से जारी इस आंदोलन का असर इकबालपुर शुगर मिल पर पड़ा और मिल प्रबंधन ने करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये का भुगतान कर दिया है।
धरने के दौरान शुक्रवार को डीजीएम कैन शिव कुमार सिसोदिया ने जिला गन्ना अधिकारी कपिल मोहन मिश्रा को भुगतान का चेक सौंपा। मौके पर किसानों ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि तीन दिन पूर्व मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह की चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने बैठक कर मिल प्रबंधन को भुगतान के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि चेक मिलने के बाद आत्मदाह का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है, लेकिन धरना अभी जारी रहेगा और बाकी गन्ना बकाया दिलाने तक आंदोलन चलता रहेगा।
जिला गन्ना अधिकारी कपिल मोहन मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मिल प्रबंधन ने यह भुगतान किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय पर शेष गन्ना भुगतान भी किसानों के खातों में पहुंच जाएगा।
इस अवसर पर मोर्चा के जिलाध्यक्ष महकार सिंह, धर्मेंद्र जाट, पवन त्यागी, सुरेंद्र नंबरदार, दीपक पुंडीर, राव आकिल, समीर जॉनी, मनोहर हसन, शकीरा, मोहम्मद आरिफ समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


