रुड़की। कल्पना जब रंगों और धागों के जरिए हकीकत का रूप लेती है, तो वही सच्ची ‘अभिव्यक्ति’ कहलाती है। इसी भावना के साथ सनातन धर्म प्रकाश चंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित ‘अभिव्यक्ति 2025’ प्रदर्शनी ने छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को नया मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के सचिव सौरभ भूषण शर्मा ने की। प्रदर्शनी में छात्राओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियां, पेंटिंग्स, हस्तशिल्प और सिलाई-कढ़ाई के नमूनों ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार में उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष शोभाराम प्रजापति ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाओं ने अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
सचिव सौरभ भूषण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उनका प्रयास सदैव यही रहता है कि महाविद्यालय की बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का हर संभव अवसर मिले। उन्होंने विश्वास जताया कि आज की ये छात्राएं भविष्य में आत्मनिर्भर कलाकार एवं सफल उद्यमी बनकर समाज में अपनी अलग पहचान बनाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक प्रदर्शनों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
‘अभिव्यक्ति 2025’ ने न केवल कला और हुनर को मंच दिया, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का संदेश भी समाज तक पहुंचाया।


