रुड़की।
श्री रामलीला समिति (रजि०) बीटी गंज, रुड़की द्वारा आयोजित 106वीं भव्य रामलीला महोत्सव का समापन भगवान श्रीराम के राजतिलक समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर आयोजित विशेष प्रस्तुति में “ऑपरेशन सिंदूर” थीम पर दर्जनभर टीमों ने देशभक्ति कार्यक्रमों की ऐसी मनमोहक झलकियां पेश कीं, जिन्होंने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर सैनिकों के पराक्रम और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया। मंच पर जब बच्चों ने तिरंगे की शान में गीत गाए तो दर्शकदीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी। आस्था और देशभक्ति के इस अनोखे संगम ने सभी का मन मोह लिया।
रामलीला के अंतिम दिन भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह और व्यापारी नेता अरविंद कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बीटी गंज की रामलीला धार्मिक आयोजन के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम की भावना को भी जीवंत करती है। इस वर्ष “ऑपरेशन सिंदूर” की झलकियों ने यह संदेश दिया कि रामभक्ति और देशभक्ति एक ही धारा के दो प्रवाह हैं।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल, संयोजक मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष शशिकांत अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत गर्ग, प्रदीप परुथी, सह-संयोजक दीपक शुक्ला, पार्षद शिवम अग्रवाल, गौरव मेहंदीरत्ता, निखिल सेठी व इमरान देशभक्त सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


