रुड़की (सिविल लाइंस)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सिविल लाइंस स्थित प्राचीन श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा के तत्वावधान में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार मुख्य पूजा, भव्य जलाभिषेक एवं भगवान आशुतोष का मनोहारी श्रृंगार विधि-विधान से संपन्न किया गया।
मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य रोहित शास्त्री एवं सचिन शास्त्री के सानिध्य में आयोजित विशेष पूजा में सभा के पदाधिकारियों ने सामूहिक आहुति अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और लोक-कल्याण की कामना की।
सभा के प्रधान सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि भगवान सिद्धेश्वर की कृपा से यह भव्य आयोजन निर्विघ्न संपन्न हुआ। मंत्री सौरभ भूषण शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व संयम और संकल्प का प्रतीक है तथा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्य पूजा और जलाभिषेक परंपरा अनुसार आयोजित किया गया। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सभा द्वारा दर्शन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
कोषाध्यक्ष भगवत स्वरूप ने मंदिर के जीर्णोद्धार और धार्मिक आयोजनों में समाज के सहयोग को सराहनीय बताया। उपाध्यक्ष सोहनलाल मित्तल ने पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे सनातन संस्कृति की एकता का प्रतीक कहा।
पूजा के दौरान उप मंत्री गोपाल गुप्ता एवं नवीन अग्रवाल ने व्यवस्थाओं की कमान संभाली और भक्तों के बीच प्रसाद वितरण सुनिश्चित किया। अंत में भगवान शिव की भव्य आरती के साथ 56 भोग का प्रसाद वितरित किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महादेव के दर्शन किए और पुण्य लाभ अर्जित किया।
हर-हर महादेव! 🕉️

