रुड़की। सोनी रोड़। हरिद्वार रोड पर एक दिल दहला देने वाला हादसा उस समय हुआ जब डंढ़ेड़ी ख्वाजापुर निवासी दो स्कूली बच्चियां—दिव्या पुत्री भूपेश और छवि पुत्री पवन कुमार—ट्यूशन के लिए स्कूटी से रुड़की आ रही थीं। शनि देव मंदिर से पहले ग्रैंड वेदांतम के सामने अचानक हरिद्वार की ओर जा रही एक वेगनR कार ने रॉन्ग साइड में घुसकर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चियां करीब 100 मीटर तक कार के साथ घसीटती चली गईं। स्कूटी मौके पर ही चकनाचूर हो गई। अफरा-तफरी के बीच कार मालिक मयंक गुप्ता ने तुरंत दोनों घायल बच्चियों को अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर हालत, पर फिलहाल खतरे से बाहर

अस्पताल में मौजूद डॉक्टर अर्पित सैनी ने बताया कि बच्चियों की हालत गंभीर थी, जिसके चलते तत्काल सीटी स्कैन के लिए उन्हें हायर सेंटर भेजने की तैयारी की गई।
उन्होंने बताया—“दोनों बच्चियां अभी खतरे से बाहर हैं, पर विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।”

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बच्चियों की हालत देखकर अस्पताल में भय और चिंता का माहौल बना रहा। वहीं बड़ी संख्या में गांव के लोग भी बच्चियों का हाल जानने पहुंच रहे हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार को कब्जे में ले लिया है

हादसे की सूचना पर कोतवाली सिविल लाइन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया और बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल परिसर में भी पुलिस तैनात कर दी गई है।

कार चालक मयंक गुप्ता का कहना है—
“हादसा एक पल में हो गया, समझ नहीं पाया कि क्या हुआ। बच्चियां घायल हुईं तो तुरंत अस्पताल लेकर आया। जरूरत पड़ी तो हायर सेंटर भी ले जाया जाएगा।”

हरिद्वार रोड बना ‘मौत का कुआं’

स्थानीय लोग लगातार शिकायत करते रहे हैं कि हरिद्वार रोड हादसों का ब्लैक स्पॉट बन चुका है।

कहीं हाई स्पीड गाड़ियां

कहीं रॉन्ग साइड ड्राइविंग

और सड़को पर उभरे गड्ढे
इन कारणों से यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

आज की घटना ने एक बार फिर प्रश्न खड़ा कर दिया है कि आखिर इस सड़क पर सुरक्षा उपाय कब मजबूत किए जाएंगे।

फिलहाल दोनों बच्चियां गंभीर चोटों से जूझ रही हैं और गांव के लोग उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।