रुड़की। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रुड़की निवासी प्रदीप गिरी को भाजपा ओबीसी मोर्चा, उत्तराखंड का प्रदेश मीडिया संयोजक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही रुड़की सहित आसपास के क्षेत्रों में समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। आदर्श नगर रुड़की में समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की।

आदर्श नगर, रुड़की निवासी प्रदीप गिरी वर्तमान में देहरादून महानगर में रहकर लंबे समय से प्रदेश स्तर पर भाजपा संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जमीनी कार्यकर्ता के रूप में भाजपा से जुड़कर अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की और निरंतर संगठन सेवा के माध्यम से पार्टी नेतृत्व का विश्वास हासिल किया। पार्टी और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण, मेहनत और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।

प्रदीप गिरी की सक्रिय राजनीति का दायरा केवल देहरादून तक सीमित नहीं है, बल्कि वह प्रदेश भर में संगठन विस्तार और जनसंपर्क के कार्यों में लगातार सक्रिय रहे हैं। रुड़की क्षेत्र में भी उनके समर्थकों और चाहने वालों की बड़ी संख्या है, जिनमें उनकी नियुक्ति को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
प्रदेश मीडिया संयोजक बनाए जाने पर प्रदीप गिरी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह देश और भारतीय जनता पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को मजबूत करने का कार्य वह पहले भी करते रहे हैं और भविष्य में भी संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में वह एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह दिन-रात मेहनत कर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाने में अपना योगदान देंगे।
प्रदीप गिरी को ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया संयोजक बनाए जाने पर रुड़की, आदर्श नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल संगठनात्मक भविष्य की कामना की है।


