उत्तराखंड के मूल मुद्दों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने रुड़की के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य क्रांतिकारी शहीदों के बलिदान और लंबे आंदोलनों के बाद बना, जिसमें माताओं, बहनों, बेटियों और युवाओं ने भारी कुर्बानियां दीं, लेकिन राज्य गठन के बाद सत्ता में आई सरकारें राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों और सपनों को भूल गईं।

सुरेंद्र कुकरेती ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने सत्ता बचाने और बनाए रखने के लिए राज्य के संसाधनों का दोहन किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, रोजगार, स्वास्थ्य और पहाड़ों से हो रहा पलायन आज भी जस का तस बना हुआ है। राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और सत्ता के लिए लोगों को आपस में लड़ाया जा रहा है। महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों में आरोपियों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
प्रेस वार्ता में हरिद्वार जनपद से जुड़े सवालों के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड क्रांति दल की नजर में उत्तराखंड की सीमा में रहने वाला हर व्यक्ति उत्तराखंडी है और सभी को समान अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के उद्योगों में 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का शासनादेश उत्तराखंड क्रांति दल के प्रयासों से ही लागू हुआ था, लेकिन इसका सही ढंग से पालन नहीं हो पाया। दल सत्ता में आने पर इसे पूरी सख्ती से लागू करेगा।
कुकरेती ने किसानों के मुद्दों पर भी बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तराखंड में किसानों को गन्ने का सबसे अधिक मूल्य दिया जाएगा तथा सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सांगठनिक दृष्टि से रुड़की को जिला बनाने की पहल सबसे पहले उत्तराखंड क्रांति दल ने ही की थी और पार्टी सत्ता में आने पर रुड़की को पूर्ण संवैधानिक जिला दर्जा दिलाया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कानून लाने और किसी भी अपराध की स्थिति में त्वरित कानूनी कार्रवाई का भी आश्वासन दिया गया।
इस दौरान संगठन विस्तार के तहत दीपक लाखवान को जिला रुड़की का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश से आए पूर्व केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास, पूर्व उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, महामंत्री संगठन गणेश काला, नितिन सैनी (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग), केंद्रीय प्रवक्ता राजेश्वरी रावत, लक्ष्मी रावत सहित अन्य नेताओं का माल्यार्पण व शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
प्रेस वार्ता में एडवोकेट महक सिंह सैनी, शिव कुमार सैनी, दीपक लाखवान, जयभारत सिंह रावत, आनंद चौधरी, धर्मेंद्र शर्मा, ब्रह्मसिंह धीमान, मेनपाल, राजेंद्र चौधरी, आनंदराज, सतेंद्र शर्मा, दिनेश धीमान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


