रुड़की।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए नए आरोपों के बाद प्रदेशभर में मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है। हरिद्वार जिले से लेकर पूरे उत्तराखंड में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की आवाज़ बुलंद हो रही है।

इसी क्रम में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष रुड़की राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर चौक, रुड़की पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी कांड की सीबीआई जांच हाईकोर्ट के किसी वर्तमान जज की निगरानी में कराने की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि सोशल मीडिया पर हाल ही में सामने आए खुलासों और आरोपों से यह साफ हो गया है कि मामले में कई गंभीर पहलुओं को अब तक नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि वीआईपी और प्रभावशाली लोगों की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार सच्चाई सामने लाने से बच रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा यदि साफ होती, तो अब तक निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा चुकी होती। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने दो टूक कहा,
“अंकिता भंडारी के न्याय के लिए कांग्रेस आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।”
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों के सम्मान का सवाल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही हाईकोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की घोषणा नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पुतला दहन के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी।


